आपका समर्थन, हमारी शक्ति

रविवार, 26 अक्तूबर 2014

नोबेल के बाद यूएस लिबर्टी मेडल से सम्मानित हुईं मलाला यूसुफजई

हाल ही में नोबेल शांति पुरस्कार के लिए चयनित पाकिस्तान की किशोर मानवाधिकार कार्यकर्ता मलाला यूसुफजई को यूएस लिबर्टी मेडल से सम्मानित किया गया है। लिबर्टी मेडल हर साल पुरुषों एवं महिलाओं को साहस व दृढ़ निश्चय के लिए दिया जाता है। यह मेडल वर्ष 1989 के बाद से हर वर्ष दिया जाता है। पहली बार यह पोलिश सॉलिडेरिटी के संस्थापक एल वालेसा को दिया गया था। उसके बाद से यह पुरस्कार हासिल करने वालों में मुहम्मद अली, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर आदि शामिल हैं। पिछले साल यह तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन को दिया गया था।मलाला को यूएस लिबर्टी मेडल से सम्मानित करने वाले  फिलाडेल्फिया में अमेरिकी नेशनल कंस्टीट्यूशन सेंटर ने कहा कि उन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद लोगों की स्वतंत्रता एवं मानवाधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपनी हिम्मत व सहिष्णुता के लिए यह पुरस्कार जीता है। मलाला ने 21 अक्टूबर को एक समारोह में यह पुरस्कार स्वीकार किया। 

 पाकिस्तान में लड़कियों की शिक्षा की वकालत करने वाली  मलाला यूसुफजई अक्टूबर 2012 में सिर्फ 15 साल की थी, जब तालिबान उग्रवादियों ने पाकिस्तान के मिंगोरा स्थित स्कूल से लौटते समय उनके सिर में गोली मार दी थी। मलाला ने तालिबान के शासन के दौरान की जिंदगी के बारे में बीबीसी के लिए लिखा और लड़कियों की शिक्षा के लिए आवाज उठाई थी जिससे चरमपंथी मुस्लिम समूह की त्यौरियां तन गई थीं। मलाला इस वक्त ब्रिटेन में रह रही हैं। अब 17 साल की हो चुकी मलाला ने  कहा, ‘लिबर्टी मेडल से नवाजा जाना सम्मान की बात है। मैं दुनिया भर के उन सभी बच्चों की ओर से इस पुरस्कार को स्वीकार करती हूं, जो शिक्षा हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।’ मलाला ने  पुरस्कार स्वरूप जीती गई एक लाख डॉलर की राशि पाकिस्तान में शिक्षा के लिए समर्पित कर दी है।

शनिवार, 25 अक्तूबर 2014

भारतीय मूल की दो बेटियों ने चिकित्सा क्षेत्र में किया कमाल


प्रतिभा उम्र की मोहताज़ नहीं होती, इसे सच कर दिखाया है अमेरिका के मिशिगन में पोर्ट ह्यूरो नार्दर्न में हाईस्कूल में पढ़ने वाली भारतीय मूल की दो बहनों एलिना और मेधा कृष्ण ने, जिन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ा काम किया है।  उन्होंने ऐसा यंत्र बनाया, जो शुरुआती दौर में ही फेफड़े और दिल की बीमारियों का पता लगा लेता है। इसे इलेक्ट्राॅनिक स्टेथोस्कोप की मदद से बनाया गया है। हानिकारक वायु प्रदूषण से फेफड़ों को होने वाले नुकसान का समय से पहले पता लगाने के लिए उन्होंने इलेक्ट्राॅनिक स्टेथोस्कोप का उपयोग कर एक स्क्रीनिंग यंत्र विकसित किया।

मेधा ने बताया, "जब मैं कक्षा पांचवीं की छात्रा थी, तब हमारे एक पारिवारिक मित्र की व्यायाम के बाद मौत हो गई। तभी से मैं ऐसी घटनाओं को रोकने का तरीका खोजना चाहती थी।" छात्रा ने कहा, "मेरा अध्ययन दिल की ध्वनि आवृत्तियों का विश्लेषण एक उपयोगी तकनीक साबित हो सकता है। हाइपरट्रोफिक कार्डियोमायोपैथी (एचसीएम) की जांच में इसका उपयोग किया जा सकता है।"

एथलीटों का अध्ययन किया

मेधा ने 13 एथलीटों पर अध्ययन किया। इसमें दस सामान्य दिल वाले और तीन एचसीएम पीड़ित शामिल थे। एथलीटों के व्यायाम, खड़े रहने और सोने के दौरान दिल की ध्वनियों को रिकाॅर्ड किया गया। फिर आवृत्तियों का विश्लेषण किया। इससे सोने और व्यायाम के बाद की स्थितियों में महत्वपूर्ण अंतर का पता चला।

धूम्रपान करने वालों को परखा

एलिना ने 16 धूमपान करने वाले, 13 दमकलकर्मियों और 25 धूमपान नहीं करने वालों का परीक्षण किया। एलिना ने प्रतिभागियों के श्वसन चक्र को रिकॉर्ड करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्टेथोस्कोप का उपयोग किया। फिर सर्वाधिक आवृत्ति का विश्लेषण किया। इसमें सर्वाधिक ऊंची आवृत्तियां धूमपान करने वालों और दमकलकर्मियों में पाई गईं।

अध्ययन का दूरगामी प्रभाव

इलेक्ट्राॅनिक स्टेथोस्कोप के साथ जांच से फेफड़ों की कार्यप्रणाली में बदलाव का पता लगाया जा सकता है। वो भी फेफड़े में बीमारी के लक्षण के बगैर भी संभव हो सकता है।

अगले सप्ताह निष्कर्ष पेश करेंगी

दोनों बहनें अध्ययन के निष्कर्षों को अमेरिकी कॉलेज आफ चेस्ट फिजीशियन की सालाना बैठक सीएचईएसटी 2014 में पेश करेंगी। यह बैठक अगले सप्ताह ऑस्टीन में होनी है।


बुधवार, 22 अक्तूबर 2014

इको-फ्रेंडली दीपावली मनाएँ


त्यौहार हमारी सदाशयता, उत्सवधर्मिता और पर्यावरण के प्रति अनुराग के परिचायक होते हैं, पर वास्तव में इसका विपरीत हो रहा है।  दीपावली के इस पावन पर्व पर जरुरी है कि हम इको-फ्रेंडली दीपावली को तरजीह दें।  पारम्परिक सरसों के तेल की दीपमालायें न सिर्फ प्रकाश व उल्लास का प्रतीक होती हैं बल्कि उनकी टिमटिमाती रोशनी के मोह में घरों के आसपास के तमाम कीट-पतंगे भी मर जाते हैं, जिससे बीमारियों पर अंकुश लगता है। इसके अलावा देशी घी और सरसों के तेल के दीपकों का जलाया जाना वातावरण के लिए वैसे ही उत्तम है जैसे जड़ी-बूटियां युक्त हवन सामग्री से किया गया हवन। ऐसे में सजावटी झालर, पटाखों  और कृत्रिम रोशनी की बजाय दीपों को महत्ता दिया जाना जरुरी है और हमें इसके लिए संकल्पबद्ध होना होगा। 



शुक्रवार, 17 अक्तूबर 2014

'शक्ति' देवी को 'शांति' के लिए किया संयुक्त राष्ट्र ने सम्मानित

अपने भारत देश की नारियाँ सिर्फ देश में ही नहीं, बाहर भी अपने कार्यों से देश को गौरवान्वित कर रही हैं। भारत की  महिला पुलिस इंस्पेक्टर  शक्ति देवी को संयुक्त राष्ट्र ने विशेष सम्मान से नवाजा है। जम्मू-कश्मीर पुलिस में इंस्पेक्टर शक्ति देवी को अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र मिशन की ड्यूटी में असाधारण उपलब्धियां अर्जित करने और यौन व लिंग आधारित हिंसा के पीड़ितों की मदद की खातिर यूएन की पुलिस शाखा ने प्रतिष्ठित इंटरनैशनल फीमेल पुलिस पीसकीपर अवॉर्ड 2014 से सम्मानित किया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस में इंस्पेक्टर शक्ति देवी फिलहाल अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में तैनात हैं।

यूएन पुलिस डिविजन की ओर से भारतीय दूतावास को भेजे पत्र में कहा गया है कि इंस्पेक्टर शक्ति देवी को अफगानिस्तान के विभिन्न हिस्सों में वुमन पुलिस काउंसिल का नेतृत्व करने के लिए सम्मानित किया गया। इस पत्र में कहा गया है कि देवी ने महिला पुलिस के स्तर में सुधार में योगदान दिया है और पुलिसिंग के लोकतांत्रिक सिद्धांतों के लक्ष्य को ग्रहण करने में अफगान पुलिस की मदद की है।

कनाडा के विनिपेग में इस महीने के शुरू में आयोजित इंटरनेशनल असोसिएशन ऑफ वुमन पुलिस (आईएडब्ल्यूपी) के सम्मेलन के दौरान यह सम्मान दिया गया। यह पुरस्कार संयुक्त राष्ट्र के किसी शांति अभियान में सेवा देने वाली किसी असाधारण महिला पुलिस शांतिरक्षक को दिया जाता है। 

गौरतलब है कि भारत संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सर्वाधिक योगदान देने वाला देश है। अब तक भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के समर्थन से चलाए गए 69 शांति रक्षा अभियानों में से 43 अभियानों में 170,000 से अधिक सैनिकों को भेजा है। शांति रक्षा अभियानों और सैनिकों से संबंधित लागत के लिए संयुक्त राष्ट्र भारत का 11 करोड़ डॉलर का देनदार है।
-- आकांक्षा यादव @ शब्द-शिखर 

मंगलवार, 14 अक्तूबर 2014

कैलाश सत्यार्थी और मलाला युसुफजाई के बहाने नोबेल शांति पुरस्कार की भारत-पाकिस्तान की साझा विरासत

बचपन एक ऐसी अवस्था है, जो हर किसी का भविष्य निर्धारित करती है। आज जरूरत इस बचपन को बचाने की है। बचपन का न तो कोई जाति होती है, न धर्म और न ही इसे देशों की परिधि से बाँधा जा सकता है।  तभी तो नोबेल समिति ने जब इस साल के लिए नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा की तो बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाले भारत के कैलाश सत्यार्थी और बालिकाओं की शिक्षा के लिए कार्य करने वाली पाकिस्तान की सामाजिक कार्यकर्ता मलाला यूसुफजई को संयुक्त रूप से चुना। बचपन बचाओ आन्दोलन से जुड़े सत्यार्थी ने कईयों का बचपन बचाने के लिए कार्य किया वहीं मलाला ने बचपन के कटु अनुभवों और हादसे का शिकार होने के बावजूद लडकियों की शिक्षा के लिए अलख जगाई रखी। सत्यार्थी नोबेल शांति पुरस्कार पाने वाले दूसरे और नोबेल पाने वाले सातवें भारतीय हैं। इससे पहले मदर टेरेसा को यह अवॉर्ड मिला था। वहीं 17 साल की मलाला सबसे कम उम्र में यह अवॉर्ड पाने वाली शख्सियत बनी हैं। यह अजब संयोग है कि भारतीय और पाकिस्तानी को संयुक्त रूप से शांति के नोबेल की घोषणा ऐसे वक्त में हुई है जब दोनों देशों की सीमा पर भारी तनाव है। पुरस्कार समिति के जूरी ने कहा, ‘नार्वे की नोबेल समिति ने निर्णय किया है कि 2014 के लिए शांति का नोबेल पुरस्कार कैलाश सत्यार्थी और मलाला यूसुफजई को बच्चों और युवाओं के दमन के खिलाफ उनके संघर्ष तथा सभी बच्चों की शिक्षा के अधिकार के लिए उनके प्रयासों के लिए दिया जाए। नोबेल समिति ने कहा कि एनजीओ ‘बचपन बचाओ आंदोलन’ चलाने वाले सत्यार्थी ने महात्मा गांधी की परंपरा को बरकरार रखा और ‘वित्तीय लाभ के लिए होने वाले बच्चों के गंभीर शोषण के खिलाफ विभिन्न प्रकार के शांतिपूर्ण प्रदर्शनों का नेतृत्व किया है।’ समिति ने कहा कि वह ‘एक हिंदू और एक मुस्लिम, एक भारतीय और एक पाकिस्तानी के शिक्षा और आतंकवाद के खिलाफ साझा संघर्ष में शामिल होने को महत्वपूर्ण बिंदु  मानते हैं।’

कैलाश सत्यार्थी का नोबेल के लिए नाम भारत में भले ही कइयों को चौंका गया हो पर विदेशों में उनके कार्यों की अक्सर चर्चा और सराहना होती रहती है। वस्तुत: यह पुरस्कार बच्चों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष की जीत है। सत्यार्थी ने  नोबेल कमेटी  का आभार व्यक्त करते हुए कहा भी कि, कि उसने आज के आधुनिक युग में भी दुर्दशा के शिकार लाखों बच्चों की दर्द को पहचाना है। मूलत: मध्य प्रदेश के विदिशा जनपद के  निवासी कैलाश सत्यार्थी ने वर्ष 1983 में बालश्रम के खिलाफ 'बचपन बचाओ आंदोलन' की स्थापना की थी।  उनका यह संगठन अब तक 80,000 से ज़्यादा बच्चों को बंधुआ मजदूरी, मानव तस्करी और बालश्रम के चंगुल से छुड़ा चुका है। गैर-सरकारी संगठनों तथा कार्यकर्ताओं की सहायता से कैलाश सत्यार्थी ने हज़ारों ऐसी फैकटरियों तथा गोदामों पर छापे पड़वाए, जिनमें बच्चों से काम करवाया जा रहा था। मूलत : कैलाश सत्यार्थी एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे, जो 26 वर्ष की आयु में बाल अधिकारों के लिए काम करने लगे। कैलाश सत्यार्थी ने 'रगमार्क' (Rugmark) की भी शुरुआत की, जो इस बात को प्रमाणित करता है कि तैयार कारपेट (कालीनों) तथा अन्य कपड़ों के निर्माण में बच्चों से काम नहीं करवाया गया है।  उनकी इस पहल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करने में काफी सफलता मिली। कैलाश सत्यार्थी ने विभिन्न रूपों में प्रदर्शनों तथा विरोध-प्रदर्शनों की परिकल्पना और नेतृत्व को अंजाम दिया, जो सभी शांतिपूर्ण ढंग से पूरे किए गए।  इन सभी का मुख्य उद्देश्य आर्थिक लाभ के लिए बच्चों के शोषण के खिलाफ काम करना था।

पूरी दुनिया में सबसे कम उम्र  में नोबेल पुरस्कार हेतु चयनित होने वाली मलाला यूसुफजई भी पाकिस्तान में बच्चों की शिक्षा से जुड़ी हैं। मलाला का जीवन संघर्ष और साहस की दास्तां है। 17 वर्षीय मलाला तब सुर्खियों में आईं जब  बालिकाओं की शिक्षा की हिमायत करने को लेकर अक्टूबर, 2012 में पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर इलाके में स्कूल से घर जाते समय तालिबान के बंदूकधारियों ने मलाला को गोली मार दी थी। हमले के बाद उन्हें  विशेष इलाज के लिए ब्रिटेन भेजा गया था। मलाला  इस पुरस्कार को पाने वाली प्रथम पाकिस्तानी और सबसे कम उम्र की होंगी। उन्होंने यह पुरस्कार उन बच्चों को समर्पित किया जिनकी आवाज सुने जाने की जरूरत है।  मलाला की मासूमियत और शिक्षा के प्रति अनुराग को इसी से समझा जा सकता है कि उन्हें भले ही दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया हो, लेकिन उनकी मुख्य चिंता आने वाले समय में उनकी स्कूली परीक्षाओं को लेकर बनी हुई है।  उन्हें इस बात की चिंता है कि पुरस्कार ग्रहण करने के वक्त की उनकी पढ़ाई छूट जाएगी। सबसे कम उम्र की नोबेल पुरस्कार विजेता के रूप में मलाला ने बर्मिंघम के मकान में अपनी पहली शाम अपने पिता के साथ पाकिस्तानी टीवी देखते हुए बिताया। उन्होंने कहा, 'मुझे जुकाम हो गया है और अच्छा महससू नहीं हो रहा है।' इस पाकिस्तानी किशोरी के लिए दुनिया भर से संदेशों का अंबार लग गया, जिन्हें तालिबान हमले के बाद मस्तिष्क की सर्जरी के लिए विमान से बर्मिंघम लाया गया था, ताकि उनकी जान बच सके। मलाला ने कहा, 'मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं और खुश हूं। लोगों के प्रेम ने सचमुच में मुझे गोलीबारी से उबरने में और मजबूत होने में मदद की। इसलिए मैं वह सब कुछ करना चाहती हूं जिससे समाज को योगदान मिल सके।'

मलाला इस बात से अवगत थी कि उन्हें नोबेल पुरस्कार मिल सकता है। पुरस्कार की घोषणा होने के बाद उनके रसायन विज्ञान के क्लास में शुक्रवार को सुबह 10 बजे के बाद शिक्षक के आने की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने बताया, 'हम तांबे की इलेक्ट्रोलाइसिस के बारे में पढ़ रहे हैं। मेरे पास मोबाइल फोन नहीं है, इसलिए मेरी शिक्षक ने कहा था कि अगर ऐसी कोई खबर होगी तो वह आएगी। लेकिन सवा दस बज गए और वह नहीं आई। इसलिए मैंने सोचा कि मुझे पुरस्कार नहीं मिला। मैं बहुत छोटी हूं और मैं अपने काम के शुरुआती दौर में हूं।' पर कुछ ही मिनट बाद शिक्षक आ गईं और यह खबर दी। मलाला ने बताया, 'मुझे लगता है कि मेरे शिक्षक मुझसे ज्यादा उत्साहित थे। उनके चेहरों की मुस्कान मुझसे ज्यादा थी। मैं फिर अपने भौतिक विज्ञान की क्लास के लिए गई।'


एक तरफ बचपन और बालिका शिक्षा को लेकर दुनिया  का सबसे बड़ा पुरस्कार, वहीं दोनों देशों के संबंधों की बिसात पर कुछ लोग इसे कूटनीतिक नजरिये से भी देखते हैं। पर इसके बावजूद  सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी और पाकिस्तान की मलाला यूसुफजई दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध बनाने के लिए संयुक्त रूप से काम करने को राजी हैं। मलाला ने कहा, 'हम साथ काम करेंगे और भारत एवं पाकिस्तान के बीच मजबूत संबंध बनाने की कोशिश करेंगे। लड़ाई के बजाय प्रगति और विकास के लिए काम करना जरूरी है।' फ़िलहाल लोगों की निगाहें एक बार फिर से बचपन पर हैं और साथ ही भारत-पाकिस्तान संबंधों पर।  सत्यार्थी और मलाला की संयुक्त मुहिम इसमें कितना रंग लाएगी, यह तो वक़्त ही बताएगा पर इन दोनों को सम्मान मिलने से एक बार फिर लोगों का ध्यान बाल श्रम, बाल दासता, बच्चों के यौन शोषण, बालिका शिक्षा जैसे अहम मुद्दों पर गया है। वाकई आज जरूरत बचपन को सहेजने की है और यही इस पुरस्कार की सबसे बड़ी उपलब्धि  होगी।

रविवार, 12 अक्तूबर 2014

करवा चौथ के मर्म और मूल को समझने की जरूरत

करवा चौथ सिर्फ एक त्यौहार ही नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक सन्देश भी छिपा हुआ है।  आज समाज में जब रिश्तों के मायने बदलते जा रहे हैं, भौतिकता की चकाचौंध में हमारे पर्व और त्यौहार भी उपभोक्तावादी संस्कृति तक सिमट गए हैं, ऐसे में करवा चौथ के मर्म और मूल को समझने की जरूरत है। 

करवा चौथ (करक चतुर्थी) अर्थात भारतीय नारी के समर्पण, शीलता, सहजता, त्याग, महानता एवं पतिपरायणता  को व्यक्त करता एक पर्व। दिन भर स्वयं भूखा प्यासा रहकर रात्रि को जब मांगने का अवसर आया तो अपने पति देव के मंगलमय, सुखमय और दीर्घायु जीवन की ही याचना करना यह नारी का त्याग और समर्पण नहीं  तो और क्या है ?

करवा चौथ का वास्तविक संदेश दिन भर भूखे रहना ही नहीं अपितु यह है नारी अपने पति की प्रसन्नता के लिए, सलामती के लिए इस हद तक जा सकती है कि पूरा दिन भूखी - प्यासी भी रह सकती है। करवा चौथ नारी के लिए एक व्रत है और पुरुष के लिए एक शर्त। 

-शर्त केवल इतनी कि जो नारी आपके लिए इतना कष्ट सहती है उसे कष्ट न दिया जाए। जो नारी आपके लिए समर्पित है उसको और संतप्त न किया जाए। जो नारी प्राणों से बढ़कर आपका सम्मान करती है जीवन भर उसके सम्मान की रक्षा का प्रण आप भी लो। उसे उपहार नहीं आपका प्यार चाहिए !!

शुक्रवार, 10 अक्तूबर 2014

जब हौसलों की उड़ान बना तबस्सुम का ई-रिक्शा

जीवन में मनुष्य यदि कुछ कर गुजरने की ठान ले तो परिस्थितियाँ आड़े नहीं आती।  इसे सच कर दिखाया है तबस्सुम ने। हरे रंग के बैटरी वाले रिक्शे पर सवार खाकी रंग के पैंट शर्ट और सिर से लेकर कंधे तक चेकदार रुमाल पहने तबस्सुम जब इलाहाबाद शहर की सड़कों और गलियों से गुजरती हैं, तो हर कोई उन्हें अचरज भरी नजरों से देखता है। अचरज लाजिमी भी है क्योंकि रिक्शा चलाते हुए अमूमन पुरुषों को ही देखा जाता है। लेकिन तबस्सुम ने खुद को आत्मनिर्भर बनाने और बेटे को बेहतर शिक्षा देने के लिए झिझक तोड़ी और बैटरी रिक्शा चलाने का निर्णय लिया। झिझक छोड़ अब वे अपने बेटे, मां और भाई की बेटियों का खर्च बैटरी वाला रिक्शा चलाकर उठा रही हैं । तबस्सुम का आत्मनिर्भरता के लिए यह फैसला उन्हें भीड़ में तो अलग पहचान दिला ही रहा है, उन महिलाओं के लिए भी मिसाल है जो जरूरत होने पर भी घर की चहारदीवारी से बाहर नहीं निकल पाती सिर्फ इसलिए कि ‘हमारा समाज क्या कहेगा’।

रोजगार का यह रास्ता अपना कर तबस्सुम न केवल अपने बेटे अब्दुल्ला को पढ़ा रही हैं बल्कि अपनी मां और भाई की बेटियों का भी खर्च उठा रही है। तबस्सुम अपने बेटे को सीआईडी में भेजना चाहती हैं। जिंदगी में तमाम मुसीबतों झेल चुकी तबस्सुम कहती हैं कि प्रतापगढ़ से वह अपने बेटे के साथ अकेले यहां आईं थी। उस वक्त सिस्टर शीबा ने उनकी मदद की और जिंदगी शुरू करने की राह दिखाई। उन्हीं के साथ रहते हुए तबस्सुम ने कई काम किए। इसके बाद लोगों की मदद से उन्होंने बैटरी रिक्शा चलाना शुरू किया। सुबह से देर रात तक वह रिक्शा चलाती हैं। रेलवे स्टेशन से लेकर नैनी तक का रास्ता वह तय करती हैं। 

तबस्सुम कहती हैं कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता, बस उसे करने की लगन होनी चाहिए। काम तो सिर्फ काम होता है। इसका पुरुष या महिला होने से कोई लेना देना नहीं है। इसलिए महिलाओं को इस पिछड़ी मानसिकता को छोड़कर आत्मनिर्भर होने के रास्ते खुद तय करने चाहिए। सिस्टर शीबा का कहना है कि तबस्सुम जब शहर आई थी, तो परेशानियों से घिरी थी। उसको हमने बेटे के साथ अपने शेल्टर होम में रखा। तबस्सुम को पढ़ाने लिखाने के साथ ही गाड़ी चलाना भी सिखाया। यह बहुत खुशी की बात है कि तबस्सुम आत्मनिर्भर होने के लिए ई-रिक्शा चला रही है। अपनी एक अलग पहचान बना रही है।


बुधवार, 8 अक्तूबर 2014

नोबेल पाने वाले पाँचवें दम्पति : मोजर दम्पति ने खोज दिमाग का 'जीपीएस' सिस्टम

साहित्य-कला-संस्कृति में ऐसे तमाम दम्पति हैं, जो ऊँचाइयों को छू रहे हैं।  पर विज्ञानं के क्षेत्र में ऐसे दम्पति विरले ही देखने को मिलते हैं। इस बार चिकित्सा क्षेत्र के नोबेल पुरस्कार के लिए आपको अपने इर्द-गिर्द के माहौल की पल-पल की जानकारी देने वाले दिमाग की जटिल संचालन प्रणाली यानी एक तरह के जीपीएस सिस्टम के अध्ययन के लिए तीन वैज्ञानिकों ब्रिटिश अमेरिकी वैज्ञानिक जॉन ओ कीफ के साथ नॉर्वे के दंपति एडवर्ड मोजर व मेई-ब्रिट मोजर को  यह प्रतिष्ठित पुरस्कार देने का ऐलान किया गया। वैसे मेई ब्रिट मोजर नोबेल पाने वाली 45 वीं महिला हैं। पुरस्कार के ऐलान के साथ ही मोजर दम्पति नोबेल पाने वाले पाँचवें  दम्पति बन गए हैं। दम्पत्तियों के इस क्लब में महान वैज्ञानिक दम्पति मेरी क्यूरी व पियरे क्यूरी एवं अल्वा मिर्डल व गुन्नार मिर्डल शामिल हैं। दंपति का मानना है कि शादी ने पुरस्कार जीतने में अहम भूमिका निभाई।

पुरस्कार का ऐलान करते हुए ज्यूरी ने कहा, ‘दिमाग की उस जीपीएस प्रणाली की खोज के लिए तीनों को पुरस्कार के लिए चुना गया है, जो हमें अपने इर्द-गिर्द के माहौल के प्रति सजग रहने को संभव बनाता है। कीफ और मोजर दंपति ने उस समस्या का हल ढूंढ निकाला है, जिस पर सदियों से दार्शनिकों और वैज्ञानिकों का कब्जा था। जैसे कि हमारा दिमाग हमारे चारों ओर के माहौल का खाका कैसे तैयार करता है और इस जटिल वातावरण के बीच हम अपना रास्ता कैसे तलाशते हैं?’ पुरस्कार के तहत विजेताओं को अस्सी लाख स्वीडिश क्रोनर (11 लाख अमेरिकी डॉलर यानी पौने सात करोड़ रुपये) दिए जाएंगे। पुरस्कार राशि का आधा हिस्सा जहां कीफ को, वहीं बाकी आधा हिस्सा मोजर दंपति को दिया जाएगा। पिछले साल यह पुरस्कार तीन अमेरिकियों को कोशिकाओं की परिवहन प्रणाली के अध्ययन के लिए दिया गया था। वैज्ञानिकों को यह पुरस्कार अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि पर हर साल की तरह दस दिसंबर को दिया जाएगा।

यूनिवर्सिटी आफ लंदन में सैन्सबरी वेलकम सेंटर इन न्यूरल सर्किट एंड बिहैवियर के निदेशक कीफ ने 1971 में पहली बार दिमाग के इस जीपीएस के एक सिरे की खोज की थी। उन्होंने दिमाग के हिप्पोकैंपस वाले हिस्से में खास किस्म की तंत्रिका कोशिकाओं का पता लगाया। प्रयोग के दौरान लैब में जब एक चूहे को किसी खास जगह पर रखा गया, तो उसका हिप्पोकैंपस वाला यह हिस्सा खास तौर पर सक्रिय हो उठा। कीफ ने इन्हें प्लेस सेल या स्थान कोशिका का नाम दिया। इससे चूहे के दिमाग में कमरे के भीतर उसे जहां रखा गया था, उस जगह का नक्शा बन गया।

2005 में दंपति मेई ब्रिट और एडवर्ड मोजर ने दिमाग की जीपीएस के एक और प्रमुख हिस्से की खोज की। उन्होंने खास तंत्रिका कोशिकाओं का पता लगाया, जो समन्वय प्रणाली के तहत काम करती हैं। ये कोशिकाएं जीव की स्थिति और उसको रास्ता तलाशने में मदद करती हैं। पता चला कि दिमाग में मौजूद प्लेस सेल को कॉर्टेक्स की खास कोशिकाएं सक्रिय करती हैं। मोजर दंपति ने इन्हें ग्रिड सेल नाम दिया। दिमाग में इनका जाल बिछा होता है जैसे शहर में सड़कों का। दंपति का मानना है कि शादी ने पुरस्कार जीतने में अहम भूमिका निभाई।

आप हमसे यहाँ  भी जुड़ सकते हैं : https://www.facebook.com/AkankshaYadava